अन्तर्राष्ट्रीय

रूस के घातक हमलों में यूक्रेन में दो की मौत, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की और दबाव बनाने की मांग

रूस के घातक हमलों में यूक्रेन में दो की मौत, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की और दबाव बनाने की मांग

​कीव:

​रूस ने सोमवार शाम एक बार फिर यूक्रेन पर घातक हमले किए हैं, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि रूसी बलों ने राजधानी कीव की एक ऊंची रिहायशी इमारत पर ‘शाहेद’ ड्रोन से हमला किया। इस क्रूर हमले में दो बेकसूर नागरिकों की जान चली गई, जबकि राहत और बचाव दल ने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया है।

​रूस पर और अधिक दबाव बनाने की मांग

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि रूस लगातार नागरिकों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर आतंक फैला रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की तरफ से युद्धविराम और शांति के प्रस्ताव आने के बावजूद रूस की ओर से लगातार ‘शाहेद’ ड्रोन हमले किए जा रहे हैं, जो यह साबित करते हैं कि युद्ध को लंबा खींचने में कौन लगा हुआ है। जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और खासकर अमेरिका से उम्मीद जताई कि वे रूस के इन संकेतों को समझेंगे और इस युद्ध को खत्म करने के लिए रूस पर मजबूत और सख्त कार्रवाई करेंगे।

​डोनाल्ड ट्रम्प की प्रतिक्रिया

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष और युद्धविराम के उल्लंघन पर प्रतिक्रिया दी है। ट्रम्प ने कहा कि उन्हें अभी पूरी स्थिति की जानकारी देखनी होगी और वे इस पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस युद्ध में बढ़ते जान-माल के नुकसान के कारण शांति समझौता अब बेहद जरूरी हो गया है। ट्रम्प के अनुसार, अकेले इस महीने इस युद्ध में 32,000 लोगों की जान जा चुकी है, जो बेहद दुखद है, और इसके समाधान के लिए दोनों पक्षों को एक साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *