मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट की समीक्षा, कई प्रस्तावों को मंजूरी
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट की समीक्षा, कई प्रस्तावों को मंजूरी
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के अंतर्गत उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य में रोपवे विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक से जुड़े मुख्य बिंदु और निर्देश:
केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट की समीक्षा: बैठक के दौरान केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट के कार्यों की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को प्रोजेक्ट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वन स्वीकृति और वनीकरण का सत्यापन: मुख्य सचिव ने प्रोजेक्ट से संबंधित वन स्वीकृति के प्रस्तावों को पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, चिह्नित प्रतिपूरक वनीकरण भूमि का समानांतर रूप से पुनः सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
विस्तृत कार्ययोजना (PERT Chart): परियोजना के निर्धारित अलाइनमेंट के अनुसार प्रत्येक गतिविधि का विस्तृत कार्ययोजना चार्ट (PERT Chart) तैयार कर बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिन स्थानों पर राजस्व भूमि पर टावर का निर्माण होना है और वन स्वीकृति की आवश्यकता नहीं है, वहां टावर की नींव का कार्य तुरंत शुरू करने को कहा गया है।
गौरीकुंड और सोनप्रयाग का विकास: मुख्य सचिव ने गौरीकुंड एवं सोनप्रयाग के निकट पार्किंग, जनसुविधाओं तथा आवासीय सुविधाओं के विकास के लिए एक समुचित योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि यात्रा के व्यस्ततम समय में निर्माण कार्य चलने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो, जिसके लिए वैकल्पिक मार्ग पहले से तैयार रखे जाएं।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव श्री विनीत कुमार सहित NHLML के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

