अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश: दुर्गा पूजा से पहले मंदिर में तोड़फोड़

बांग्लादेश: दुर्गा पूजा से पहले मंदिर में तोड़फोड़

​बांग्लादेश के तंगेल जिले में दुर्गा पूजा से ठीक पहले शरारती तत्वों ने एक मंदिर में रखी सात मूर्तियों को खंडित कर दिया है। यह घटना मिर्जापुर उपजिला के जमुरकी पश्चिमपाड़ा इलाके की है, जहां पिछले 85 सालों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता आ रहा है।

​मंदिर प्रशासन के मुताबिक, इस साल होने वाले उत्सव के लिए मुख्य देवी दुर्गा सहित सात मूर्तियां लगभग बनकर तैयार हो चुकी थीं और उन पर केवल रंग-रोगन का काम बाकी था। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश बकाली ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे तक सब कुछ ठीक था, लेकिन गुरुवार सुबह जब वे लोग मंदिर पहुंचे तो मूर्तियां टूटी हुई मिलीं।

​घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तंगेल के सहायक पुलिस अधीक्षक अदनान मुस्तफिज ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

​स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देश में अल्पसंख्यक समुदायों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंताएं जताई जा रही हैं। इससे पहले फरीदपुर के एक मंदिर से भी मूर्ति और कीमती आभूषण चोरी होने का मामला सामने आ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *