क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए? जानें नुकसान
क्या मुंहासों को फोड़ना चाहिए? जानें नुकसान
चेहरे पर मुंहासे होना आम समस्या है। हार्मोनल बदलाव, त्वचा में सीबम का अधिक उत्पादन, धूल-मिट्टी और बैक्टीरिया इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। कई लोग मुंहासों को जल्दी ठीक करने के लिए उन्हें दबा देते हैं, लेकिन ऐसा करना त्वचा के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
मुंहासों को फोड़ने से क्यों बचें?
लाल, सूजे हुए या दर्दनाक मुंहासों को दबाने से त्वचा में सूजन और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इससे मुंहासे के आसपास की त्वचा भी प्रभावित हो सकती है और समस्या बढ़ने की आशंका रहती है।
पड़ सकते हैं दाग-धब्बे
मुंहासों को बार-बार छूने या फोड़ने से त्वचा पर लाल या भूरे निशान पड़ सकते हैं। कुछ मामलों में स्थायी निशान भी बन सकते हैं। इसलिए मुंहासों को छेड़ने के बजाय त्वचा की सही देखभाल करना जरूरी है।
कैसे करें त्वचा की देखभाल?
मुंहासे होने पर चेहरे को हल्के क्लींजर से साफ रखें और रोमछिद्रों को बंद न करने वाले मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। सैलिसिलिक एसिड और बेंज़ॉयल पेरॉक्साइड जैसे तत्व मुंहासों के इलाज में मदद कर सकते हैं। हालांकि, इनका इस्तेमाल त्वचा की स्थिति और संवेदनशीलता के अनुसार करना चाहिए।
बार-बार चेहरा धोने और तेज स्क्रब इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा में जलन बढ़ सकती है।
अगर मुंहासे बार-बार निकल रहे हैं, बहुत दर्दनाक हैं, त्वचा के भीतर गहरे हैं या उनसे निशान पड़ रहे हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। मुंहासों को फोड़ने के बजाय उनका सही इलाज करना त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।
