उत्तराखंड

पूर्व DGP अशोक कुमार तीन हफ्ते में देंगे इस्तीफा, हाईकोर्ट में नियुक्ति को दी गई थी चुनौती

पूर्व DGP अशोक कुमार तीन हफ्ते में देंगे इस्तीफा, हाईकोर्ट में नियुक्ति को दी गई थी चुनौती

उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी और हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार अब अपने पद से इस्तीफा देंगे। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में उनकी नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान अशोक कुमार की ओर से बताया गया कि वह व्यक्तिगत कारणों से पद पर आगे बने रहने की स्थिति में नहीं हैं और तीन सप्ताह के भीतर इस्तीफा सौंप देंगे।

हाईकोर्ट ने उनके बयान के आधार पर याचिका का निपटारा कर दिया। अदालत ने हरियाणा सरकार को इस्तीफा मिलने के एक सप्ताह के भीतर उसे स्वीकार करने और 31 अक्टूबर 2026 तक इस्तीफे से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस्तीफे के बाद नए कुलपति की नियुक्ति होने तक विश्वविद्यालय के वरिष्ठतम डीन को कुलपति के दायित्व सौंपे जाएंगे।

नियुक्ति पर उठे थे सवाल

अशोक कुमार की नियुक्ति को डॉ. देवेंद्र सिंह मोर और एक अन्य याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में उनकी नियुक्ति को यूजीसी के 2018 के नियमों के अनुरूप नहीं होने का दावा किया गया था। याचिकाकर्ताओं ने कुलपति के वेतन निर्धारण से जुड़े 15 जुलाई 2024 के पत्र को भी चुनौती दी थी।

अदालत ने मामले का निपटारा करते हुए अगले कुलपति की नियुक्ति यूजीसी के 2018 के नियमों का सख्ती से पालन करते हुए करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने इस प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट के 2026 के संबंधित फैसले को भी ध्यान में रखने को कहा है।

अशोक कुमार ने बताया इस्तीफे का कारण

अशोक कुमार ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों से पद छोड़ने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, वह अब अपने परिवार को समय देना चाहते हैं और इस बारे में सरकार को भी अवगत करा चुके थे। वह मार्च 2024 में हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति बने थे।

नवंबर 2023 में हुए थे रिटायर

अशोक कुमार नवंबर 2023 में उत्तराखंड के डीजीपी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके करीब चार महीने बाद 1 मार्च 2024 को उन्हें सोनीपत के राई स्थित हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय को अप्रैल 2024 में यूजीसी की मान्यता मिली और कई नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए।

अशोक कुमार ने IIT दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और थर्मल इंजीनियरिंग में एमटेक किया है। उत्तराखंड के डीजीपी के रूप में उन्होंने नवंबर 2020 से नवंबर 2023 तक जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पुलिस के विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *