मनोरंजन

फ्लाईदुबई फ्लाइट के हीरो कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर उमड़ा बॉलीवुड का प्यार, मनोरंजन जगत के सितारों ने की तारीफ

फ्लाईदुबई फ्लाइट के हीरो कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर उमड़ा बॉलीवुड का प्यार, मनोरंजन जगत के सितारों ने की तारीफ

​दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान (FZ1073) के दौरान गंभीर संकट में 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की हर तरफ गूंज है। घायल होने के बावजूद जिस तरह से उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर विमान को सुरक्षित उतारा, उसने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। मनोरंजन जगत के तमाम दिग्गज सितारों और सेलिब्रिटी ने सोशल मीडिया के जरिए कैप्टन स्मित की बहादुरी को सलाम किया है:

​जैकी श्रॉफ: अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “कुछ हीरो चुपचाप अपना काम करते हैं। कैप्टन स्मित मच्छार और सभी बहादुर लोगों को मेरा सम्मान, जिन्होंने लोगों की जान बचाई और एक बड़ा हादसा होने से रोका।”

​शिल्पा शेट्टी: अभिनेत्री ने प्रभावितों के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा, “इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए दिल से दुआ और कैप्टन स्मित मच्छार के लिए दिल से सम्मान, जिन्होंने 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाई।”

​अक्षरा सिंह: भोजपुरी अभिनेत्री ने लिखा, “हिम्मत सिर्फ एक शब्द नहीं है बल्कि, यह मुश्किल समय में लिया गया सही फैसला है। घायल होने के बावजूद उन्होंने सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। आपकी हिम्मत और कर्तव्य के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।”

​वरुण धवन: अभिनेता वरुण धवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कैप्टन की तस्वीर शेयर कर लिखा, “सलाम हमारे कैप्टन स्मित मच्छार को। आपकी हिम्मत और बहादुरी ने हम सभी को गर्व महसूस करवाया है। आप हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। जय हिंद।”

​जावेद अख्तर: दिग्गज गीतकार और लेखक ने भी कैप्टन के साहस की सराहना करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “स्मित मच्छार को दिल से सलाम। इसमें कोई शक नहीं कि वह बड़े सम्मान के हकदार हैं।”

​इनके अलावा आर. माधवन, परेश रावल, सोनम कपूर, कंगना रनौत और विजय देवरकोंडा जैसे जाने-माने कलाकारों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के अदम्य साहस, संयम और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर तारीफ की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *