भारत ने कंपाउंड आर्चरी में किया क्लीन स्वीप, जीता गोल्ड
भारत ने कंपाउंड आर्चरी में किया क्लीन स्वीप, जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय कंपाउंड आर्चरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए हैं। बुधवार को पुरुषों की टीम ने फाइनल में चीन को 238-237 से हराकर गोल्ड जीता।
कुशल दलाल, साहिल जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु की भारतीय तिकड़ी शुरुआत में 58-60 से पीछे थी। दूसरे एंड के बाद भी चीन 118-120 से आगे रहा। तीसरे एंड में भारत ने अंतर घटाकर 178-179 कर दिया।
आखिरी एंड में चीन के जियाओ लियाओ के 8 अंक के शॉट के बाद भारत को वापसी का मौका मिला। भारतीय तीरंदाजों ने आखिरी छह शॉट में कोई गलती नहीं की और 238 अंक हासिल कर एक अंक से मुकाबला जीत लिया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 236-229 से हराया था।
इससे पहले महिला कंपाउंड टीम और मिक्स्ड कंपाउंड टीम भी गोल्ड जीत चुकी हैं। महिला टीम ने चीन को 238-234 से हराया था, जबकि चिकिता तनिपार्थी और साहिल जाधव की मिक्स्ड जोड़ी ने दक्षिण कोरिया को शूट-ऑफ में मात दी थी।
पुरुष टीम की जीत के साथ भारत ने हांगझोऊ 2023 में जीते गए तीनों कंपाउंड आर्चरी खिताब को एशियन गेम्स 2026 में भी बरकरार रखा है।
