Wednesday, September 30, 2026
Latest:
उत्तराखंड

साइंस सिटी देहरादून को केंद्र से मिलेगी 14 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि

साइंस सिटी देहरादून को केंद्र से मिलेगी 14 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि

साइंस सिटी देहरादून परियोजना को पूरा करने की दिशा में केंद्र सरकार ने अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर बताया कि परियोजना के लिए आवश्यक करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग में केंद्र सरकार 14 करोड़ रुपये का अतिरिक्त हिस्सा वहन करेगी। देहरादून साइंस सिटी को केंद्र की संबंधित योजना के तहत एक चालू परियोजना के रूप में भी सूचीबद्ध किया गया है।

कुल करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग में संस्कृति मंत्रालय का हिस्सा लगभग 14 करोड़ रुपये, जबकि उत्तराखंड सरकार और यूकोस्ट की ओर से करीब 25 करोड़ रुपये की राशि वहन की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, समीक्षा बैठक में सामने आए निष्कर्षों के आधार पर मंत्रालय ने केंद्रीय हिस्से के रूप में 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने का फैसला किया है। यह राशि परियोजना में शामिल नए और आवश्यक घटकों की लागत से संबंधित है तथा मूल परियोजना की तरह ही 60:40 के अनुपात में राज्य सरकार के साथ साझा की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र की ओर से अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि साइंस सिटी विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए वैज्ञानिक ज्ञान और नवाचार से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *