राष्ट्रीय

सेवा यात्रा में पीएम मोदी का युवाओं से संवाद, बोले- गांवों में जाकर भारत की विविधता को करीब से समझें

सेवा यात्रा में पीएम मोदी का युवाओं से संवाद, बोले- गांवों में जाकर भारत की विविधता को करीब से समझें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से उनके अनुभव, सेवा कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से हो रहे संवाद के बारे में जानकारी ली।

पीएम मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के दौरान मिल रहे अनुभव अमूल्य हैं। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां गंगा का आशीर्वाद लेकर यात्री वडनगर में हाटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए जा रहे हैं और रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वडनगर ने उन्हें जीवन के संस्कार दिए, जबकि काशी ने उन संस्कारों में सेवा के अनेक रंग जोड़े। पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि अलग-अलग राज्यों और गांवों में जाकर उन्हें भारत की विविधता को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उनके मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराएं, खान-पान और सामाजिक जीवन को किताबों के बजाय इस तरह की यात्रा के जरिए बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।

यात्रियों से साझा किए अनुभव

उत्तर प्रदेश के सेवा यात्री कुलदीप पटेल ने पीएम मोदी को बताया कि एक गांव में रात्रि विश्राम के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया। उन्होंने बताया कि एक घर में भोजन के दौरान एक बच्चे ने भी मोदी के गांव वडनगर जाने की इच्छा जताई।

पीएम मोदी ने उनसे लंबी दूरी तय करने में होने वाली परेशानी के बारे में पूछा। कुलदीप पटेल ने कहा कि यात्रा में कोई परेशानी नहीं हो रही है और सभी यात्री उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

‘सेवा को जीवन का अनुभव बनाएं’

प्रधानमंत्री ने सेवा यात्रियों से कहा कि वे इस यात्रा को केवल सफर के तौर पर न देखें, बल्कि इसके अनुभवों को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनसे जुड़ना और उनकी बातें सुनना अपने आप में सीखने का अवसर है।

इसके बाद पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के रायसेन में सेवा यात्री प्रदीप मुखर्जी और उनकी टीम से संवाद किया। उन्होंने यात्रा के दौरान हेलमेट पहनने की सलाह भी दी और गांवों में लोगों, किसानों तथा युवाओं से होने वाली मुलाकातों के बारे में जानकारी ली।

प्रदीप मुखर्जी ने कहा कि यात्रियों को कहीं से जल्दी लौटने की जरूरत महसूस नहीं होती और वे सेवा कार्यों के उद्देश्य से यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी से उन्हें प्रेरणा मिली है और वे लंबी दूरी की यात्रा के लिए भी तैयार हैं।

सरकारी योजनाओं के लाभ पर भी चर्चा

पीएम मोदी ने कहा कि किसी सरकारी योजना का वास्तविक महत्व तब सामने आता है, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने सेवा यात्रियों से कहा कि गांवों में जाकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलना यह समझने का अवसर भी है कि योजनाओं का जमीन पर क्या प्रभाव पड़ता है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी और वडनगर के बीच युवा सेवा यात्री विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से गुजरते हुए जनसेवा से जुड़े कार्य कर रहे हैं। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है और 7 अक्टूबर तक चलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *