UNGA में आतंकवाद के सवालों से बचे पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ, भारत ने लगाई कड़ी फटकार
UNGA में आतंकवाद के सवालों से बचे पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ, भारत ने लगाई कड़ी फटकार
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मीडिया द्वारा आतंकवाद को लेकर तीखे सवाल पूछे गए, लेकिन वह इन सवालों से बचते नजर आए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी पीएम ने लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद से जुड़े सवालों का कोई जवाब नहीं दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में, जब पत्रकारों ने यूएन मुख्यालय पहुंचते और निकलते वक्त शहबाज शरीफ से पूछा कि “आप आतंकियों को पनाह देना कब बंद करेंगे?” और “आप हाफिज सईद पर मुकदमा कब चलाएंगे?”, तो वह बिना कुछ बोले खामोशी से आगे निकल गए।
आतंकी हाफिज सईद का बैकग्राउंड
हाफिज सईद पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और भारत के सबसे वांछित वैश्विक आतंकवादियों में से एक है। वह संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वैश्विक आतंकी भी है, और अमेरिकी सरकार ने उस पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को लगाई कड़ी फटकार
इससे पहले बुधवार को भारत ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कड़ी फटकार लगाई। भारत ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस्लामाबाद को क्षेत्रीय महत्वाकांक्षा पालने या सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के बजाय अपनी कर्ज पर टिकी और संघर्षरत अर्थव्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
यूएन मानवाधिकार परिषद में भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान के ध्यान भटकाने वाले प्रयासों का जवाब देते हुए कहा कि आक्रामक रवैया उसकी कमजोर अर्थव्यवस्था को नहीं बचा सकता। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान अपनी जनता की बेहतर सेवा तब करेगा जब वह दूसरों की जमीन हड़पने या आतंक निर्यात करने के बजाय विकास पर ध्यान दे।”
POK के हालातों पर उठाया सवाल
भारतीय राजनयिक ने पाकिस्तान के घरेलू मानवाधिकार रिकॉर्ड और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में नागरिकों के हिंसक दमन का भी जोरदार मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों को घातक बल से दबाया गया है और आम जनता को जरूरी खाना, ईंधन तथा दवाइयों जैसी बुनियादी चीजों से वंचित रखा जा रहा है।
