एशियन गेम्स: 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने जीता सिल्वर, पीएम मोदी ने दी बधाई
एशियन गेम्स: 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने जीता सिल्वर, पीएम मोदी ने दी बधाई
नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत की 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में सिल्वर मेडल डाल दिया है। माचेट्टीरा पूवम्मा राजू, विशाल थेन्नारासु, विथ्या रामराज और थेक्किनालिल मनु की चौकड़ी ने 3:14.46 का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया।
इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पूरी टीम को बधाई दी और उनके बेहतरीन तालमेल व पक्के इरादे की सराहना की।
बहरीन ने जीता गोल्ड
प्रतियोगिता में बहरीन की टीम ने 3:12.87 के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि वियतनाम (3:14.54) तीसरे स्थान पर रहकर ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहा। मेजबान जापान 3:15.52 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहा।
लगातार शानदार प्रदर्शन जारी
भारतीय एथलेटिक्स टीम का 4×400 मीटर इवेंट में दबदबा लगातार बना हुआ है। भारत ने इससे पहले जकार्ता 2018 एशियन गेम्स में इस इवेंट का गोल्ड और हांगझोऊ 2023 एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था। टीम के खिलाड़ियों—विशाल और विथ्या—का अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पहले भी शानदार अनुभव रहा है, जिसने इस बार भी देश को पोडियम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
