निसान ने पेश की नई कॉम्पैक्ट EV ‘Pixo’, सिंगल चार्ज में मिलेगी 259 किमी की रेंज
निसान ने पेश की नई कॉम्पैक्ट EV ‘Pixo’, सिंगल चार्ज में मिलेगी 259 किमी की रेंज
निसान ने यूरोपियन मार्केट के लिए अपनी नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार Pixo से पर्दा उठा दिया है। रेनो के सहयोग से तैयार की गई यह A-सेगमेंट EV खासतौर पर शहरी ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इसकी डिलीवरी 2027 की शुरुआत में शुरू होगी।
डिजाइन और डायमेंशन
Pixo का लुक काफी मॉडर्न और युवा है। इसमें क्यूब-इन्स्पायर्ड बॉडी डिजाइन, पिक्सल-प्रिन्टेड लाइटिंग और ‘रोबोट फेस’ फ्रंट बंपर दिया गया है। कार की लंबाई 3,796mm और चौड़ाई 1,790mm है, जो इसे संकीर्ण यूरोपीय गलियों के लिए परफेक्ट बनाती है। इसे ‘Wonder Purple’ और ‘Gear Blue’ जैसे आकर्षक रंगों में उतारा जाएगा।
केबिन और फीचर्स
छोटी होने के बावजूद इसमें चार लोगों के बैठने की पर्याप्त जगह है। पीछे की सीटों को स्लाइड भी किया जा सकता है, जिससे जरूरत के हिसाब से बूट स्पेस बढ़ाया जा सके। इसमें अधिकतम 356 लीटर तक का बूट स्पेस मिलता है। डैशबोर्ड पर 7-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। खास बात यह है कि इस सेगमेंट में पहली बार Google Gemini का सपोर्ट दिया गया है, जो 16 भाषाओं को समझता है। इसके अलावा कार में Face ID और ADAS जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं भी मिलती हैं।
बैटरी और परफॉर्मेंस
इस ईवी में 27.5kWh का LFP बैटरी पैक दिया गया है, जो 82hp की पावर पैदा करता है। निसान का दावा है कि सिंगल चार्ज में यह कार WLTP साइकिल के तहत 259 किलोमीटर तक की रेंज देगी।
चार्जिंग और कीमत
कार में 50kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है, जिससे बैटरी 15% से 80% तक महज 28 मिनट में चार्ज हो जाती है। साथ ही यह 11kW की बाय-डायरेक्शनल AC चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है। कंपनी ने फिलहाल इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है।
