महाराष्ट्र में बड़ा हादसा टला: 150 फीट गहरी खाई में गिरने से बची ST बस, 49 यात्रियों की बची जान
महाराष्ट्र में बड़ा हादसा टला: 150 फीट गहरी खाई में गिरने से बची ST बस, 49 यात्रियों की बची जान
छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर से गुजरात के सूरत जा रही राज्य परिवहन (ST) की एक बस 150 फीट गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। कन्नड़ घाट के पास अचानक बस का स्टीयरिंग रॉड टूटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस खाई की ओर बढ़ने लगी। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस को घाट के किनारे सुरक्षा दीवार और एक पेड़ से टकराकर रोक लिया गया।
हादसे के समय बस में 49 यात्री सवार थे। बस रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग खिड़कियों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।
अचानक टूट गया स्टीयरिंग रॉड
बस चालक प्रहलाद के मुताबिक, वह दोपहर के समय छत्रपति संभाजीनगर से यात्रियों को लेकर सूरत जा रहे थे। जलगांव और छत्रपति संभाजीनगर की सीमा के पास चालीसगांव के आटम घाट में एक खतरनाक मोड़ पर अचानक बस का स्टीयरिंग रॉड टूट गया।
स्टीयरिंग फेल होते ही बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई की तरफ बढ़ने लगी। चालक ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। इसी दौरान बस घाट के किनारे मौजूद मजबूत सुरक्षा दीवार और एक बड़े पेड़ से टकरा गई, जिससे वह खाई में गिरने से रुक गई।
खिड़कियों से बाहर निकले यात्री
बस के पेड़ से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने तत्काल खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।
बसों के रखरखाव पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर राज्य परिवहन की बसों के मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर बस पेड़ और सुरक्षा दीवार से टकराकर नहीं रुकती और खाई में गिर जाती, तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।
फिलहाल हादसे के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
