Wednesday, July 8, 2026
Latest:
राजनीति

पश्चिम बंगाल में नया सियासी घमासान: ममता बनर्जी का कार्यकर्ता को ‘थप्पड़ मारते’ वीडियो वायरल, विपक्ष हमलावर

पश्चिम बंगाल में नया सियासी घमासान: ममता बनर्जी का कार्यकर्ता को ‘थप्पड़ मारते’ वीडियो वायरल, विपक्ष हमलावर

​कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय एक नया बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को कथित तौर पर थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं।

​यह घटना कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास के बाहर की बताई जा रही है। घटना उस समय हुई जब बरुईपुर रेप-मर्डर मामले के विरोध में निकाली गई एक बड़ी रैली के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस वीडियो के सामने आने के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है और विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार पर तीखे सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

​रैली के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर मची अफरा-तफरी

​मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बरुईपुर में हुए कथित रेप और हत्या मामले के विरोध में एक विरोध मार्च निकाला था। टीएमसी के मुताबिक, इस रैली को कलकत्ता हाई कोर्ट से बकायदा अनुमति मिली हुई थी और यह अपने तय रूट पर ही आगे बढ़ रही थी।

​विवाद तब शुरू हुआ जब रैली समाप्त होने के बाद कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास के बाहर अचानक बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी और अव्यवस्था जैसी स्थिति पैदा हो गई।

​वायरल वीडियो में क्या आया सामने?

​सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे वीडियो में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान, उनके बेहद करीब मौजूद एक टीएमसी कार्यकर्ता को उन्होंने अचानक थप्पड़ मार दिया। वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग भीड़ को पीछे हटाने व रास्ता खाली कराने का प्रयास कर रहे हैं, जिसमें कुछ लोगों को हाथ से पीछे धकेला जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होते ही भाजपा सहित विपक्षी दलों को ममता सरकार को घेरने का एक और मौका मिल गया है।

​घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल भेजने के दौरान खोया आपा!

​स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रैली के दौरान टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच तनाव की खबरें भी सामने आई थीं, जिसमें कुछ टीएमसी कार्यकर्ता घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि रैली खत्म होने के बाद ममता बनर्जी अपने आवास के बाहर खड़े होकर खुद इन घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था देख रही थीं।

​इसी बीच सुरक्षा घेरा बनाने और मुख्यमंत्री के करीब आने की होड़ में कई कार्यकर्ता वहां इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर होने लगी। सूत्रों का कहना है कि इसी अव्यवस्थित माहौल और अफरा-तफरी के बीच मुख्यमंत्री अपना आपा खो बैठीं।

​टीएमसी का भाजपा पर साजिश का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

​इस पूरे मामले पर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। टीएमसी नेताओं का दावा है कि भाजपा समर्थकों ने जानबूझकर उनके शांतिपूर्ण जुलूस में प्रवेश करने और उसे बाधित करने की कोशिश की, जिसके कारण तनाव बढ़ा। पार्टी के अनुसार, कुछ लोगों ने रैली का रास्ता रोकने का भी प्रयास किया था।

​दूसरी ओर, रैली के दौरान बढ़ते तनाव को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल हालात पूरी तरह सामान्य हैं और किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, वायरल वीडियो ने इस पूरे घटनाक्रम को इस समय बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *