’फेमिनिज्म जीत गई, खुशी हार गई’… भारी ट्रोलिंग के बीच सिंगर केनीशा फ्रांसिस ने छोड़ा इंस्टाग्राम और चेन्नई, ब्रेकअप की चर्चा तेज
साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रवि मोहन (जैम रवि) और उनकी पत्नी आरती के तलाक का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस हाई-प्रोफाइल तलाक के बीच जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा रही, वह हैं सिंगर और थेरेपिस्ट केनीशा फ्रांसिस। रवि मोहन के साथ बढ़ती नजदीकियों और कथित अफेयर की खबरों के कारण केनीशा को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और ‘होम ब्रेकर’ (घर तोड़ने वाली) जैसे तानों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस विवाद से तंग आकर केनीशा फ्रांसिस ने एक बेहद भावुक और लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा करते हुए इंस्टाग्राम और चेन्नई शहर, दोनों को हमेशा के लिए छोड़ने का चौंकाने वाला ऐलान कर दिया है।
”खामोशी के साथ बाहर जा रही हूं” — केनीशा का दर्द
केनीशा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट साझा करने के साथ ही इसका कमेंट सेक्शन भी पूरी तरह बंद कर दिया ताकि कोई उन्हें ट्रोल न कर सके।
केनीशा ने अपनी पोस्ट में लिखा:
“मैंने जरूरत से ज्यादा बोल दिया है, जिनमें ज्यादातर बातें जरूरी नहीं थीं। मैं इस कहानी में प्यार के साथ दाखिल हुई थी और अब मैं खामोशी के साथ इससे बाहर जा रही हूं। कुछ जगहें शोर, अहंकार, फैसलों और मनगढ़ंत कहानियों में इतनी डूब जाती हैं कि वहां अच्छाई के लिए सांस लेने की भी जगह नहीं बचती। मैंने उस इंसान की रक्षा करने की कोशिश में खुद का कुछ हिस्सा कुर्बान कर दिया, जिसके लिए दुनिया ने पहले ही एक कहानी तय कर दी थी।”
’झूठे और चालाकों की है यह जगह’ — ट्रोलर्स पर तीखा हमला
लगातार हो रही ऑनलाइन बुलिंग (Online Bullying) पर अपना गुस्सा और निराशा जाहिर करते हुए केनीशा ने आगे लिखा:
“आम जनता, सिनेमा जगत, कमेंटेटर्स और जो भी लोग उनसे नफरत या प्यार करते हैं—अब वह (रवि मोहन) पूरी तरह से आपके हैं। अब मेरी तरफ से कोई स्पष्टीकरण या लड़ाई नहीं होगी। यह सोचना मेरी मूर्खता थी कि अच्छे लोगों को जीने का मौका मिलना चाहिए। लेकिन मैं समझ गई हूं कि यह जगह केवल झूठ बोलने वालों, धोखेबाजों, चालाकों और जीवन का शोषण करने वालों के लिए है। काश दुनिया ने मुझे यह दिखाने दिया होता कि सच्चा प्यार, वफादारी और कोमलता क्या कर सकती है।”
”चेन्नई छोड़ दिया है, मैं हार मान रही हूं”
केनीशा ने पोस्ट के आखिरी हिस्से में अपने करियर और चेन्नई शहर को छोड़ने की बात कहकर फैंस को हैरान कर दिया। उन्होंने लिखा, “मैं उन कमरों में अच्छाई साबित करने की कोशिश करना बंद कर रही हूं जो इसे गलत समझने पर तुले हुए हैं। मैंने चेन्नई छोड़ दिया है, मैं हार मान रही हूं। मैं अपने म्यूजिक, अपनी थेरेपी और अब तक के अपने जीवन से जुड़ी हर चीज को छोड़ रही हूं। ऑनलाइन बुली और मैनिपुलेशन के कारण मैं इंस्टाग्राम और सभी सोशल प्रोफाइल से लॉग आउट कर रही हूं। आज से नारीवाद (Feminism), तुम जीत गई। खुशी (Happiness), तुम हार गई।”
क्या रवि मोहन से हो गया है ब्रेकअप?
केनीशा के इस ‘पूर्ण अलगाव’ और सब कुछ त्यागने वाले पोस्ट को देखकर सोशल मीडिया और तमिल सिनेमा गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका और रवि मोहन का रिश्ता अब खत्म हो चुका है। हालांकि, केनीशा के अकाउंट पर रवि मोहन के साथ की तस्वीरें अब भी मौजूद हैं।
इससे पहले केनीशा ने दो वीडियो जारी कर दावा किया था कि उनका रवि मोहन के साथ कोई रोमांटिक या शारीरिक रिश्ता नहीं है और वे केवल प्रोफेशनल तौर पर जुड़े हुए हैं, लेकिन बाद में उन्होंने उन वीडियोज को भी डिलीट कर दिया था। अब केनीशा के चेन्नई और सोशल मीडिया छोड़ने के इस बड़े कदम ने रवि मोहन के पारिवारिक विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है।
