उत्तराखंड: डीजीपी दीपम सेठ ने की ‘ऑपरेशन प्रहार’ की समीक्षा; 1400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार, आतंकी नेटवर्क और साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन
उत्तराखंड: डीजीपी दीपम सेठ ने की ‘ऑपरेशन प्रहार’ की समीक्षा; 1400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार, आतंकी नेटवर्क और साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन
देहरादून: उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ की एक हाईलेवल समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में गढ़वाल और कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी, सभी जिलों के कप्तान, एसटीएफ (STF) और जीआरपी (GRP) के आला अधिकारी शामिल हुए। अभियान के तहत पुलिस ने प्रदेश भर में अपराधियों, आतंकी नेटवर्क, साइबर ठगों और संदिग्धों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।
आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्ध गिरफ्तार
’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है:
”अल बदर” कनेक्शन: उधम सिंह नगर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को गिरफ्तार किया है, जिनके तार आतंकी संगठन ‘अल बदर’ से जुड़े होने का खुलासा हुआ है।
”अल बरक ब्रिगेड” कनेक्शन: एसटीएफ ने पाकिस्तानी आतंकी संगठन ‘अल बरक ब्रिगेड’ के संपर्क में रहे आरोपी विक्रांत कश्यप को देहरादून से अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ दबोचा है।
अवैध घुसपैठ: राज्य में फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से रह रहे 3 बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
अपराधियों और माफियाओं पर सख्त कार्रवाई
गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत संगठित अपराधियों पर कड़ा प्रहार किया गया है:
गिरफ्तारियां: 1,400 से अधिक वांछित, फरार और इनामी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
गैंगस्टर और गुंडा एक्ट: गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 130 से अधिक लोगों पर गुंडा एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई हुई है।
अवैध हथियार: राज्य भर से 66 अवैध हथियार बरामद कर उनकी सप्लाई चेन को तोड़ा जा रहा है।
चारधाम यात्रा में साइबर ठगी पर प्रहार
चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया:
फर्जी लिंक ब्लॉक: हेलीकॉप्टर टिकट, होटल बुकिंग और यात्रा रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगी करने वाले 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक को ब्लॉक किया गया है।
फर्जी नंबर बंद: ठगी के प्रयास में शामिल 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए गए। इसके अलावा बाहरी राज्यों के 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
सघन चेकिंग और व्यापक सत्यापन (Verification) अभियान
सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सार्वजनिक स्थानों और संदिग्धों की कड़ी निगरानी की जा रही है:
40 हजार से अधिक सत्यापन: किराएदारों, पीजी, होम-स्टे, होटलों और आश्रमों में रहने वाले 40,000 से अधिक बाहरी लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन किया गया है।
पब और होटलों की जांच: 18,000 से अधिक बार, पब, क्लब और होटलों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,200 लोगों पर कार्रवाई हुई है।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन: रैश ड्राइविंग, ड्रंकन ड्राइविंग और हूटर के दुरुपयोग पर 15,000 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए, 2,000 से अधिक वाहन सीज किए गए और 900 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
डीजीपी दीपम सेठ ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड पुलिस राज्य के हर नागरिक और यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे और भी अधिक आक्रामकता और दृढ़ता के साथ जारी रहेगी।
