घर पर ही करें कोट और ब्लेजर की सफाई: जानिए ड्राई क्लीन का खर्च बचाने वाला आसान घरेलू तरीका
घर पर ही करें कोट और ब्लेजर की सफाई: जानिए ड्राई क्लीन का खर्च बचाने वाला आसान घरेलू तरीका
नई दिल्ली। सर्दियों के मौसम में कोट, ब्लेजर और ऊनी कपड़ों का उपयोग बढ़ जाता है, लेकिन इनकी नियमित सफाई कराना महंगा और कई बार असुविधाजनक साबित होता है। हाल ही में यूट्यूब पर साझा किए गए एक वीडियो में घर पर ही ब्लेजर और कोट साफ करने का एक सरल तरीका बताया गया है, जिससे ड्राई क्लीनिंग का खर्च कम किया जा सकता है।
ऐसे तैयार करें घोल और करें सफाई
इस विधि के अनुसार, सबसे पहले एक बड़े टब में सामान्य पानी लेकर उसमें एक चम्मच डिटर्जेंट (पाउडर या लिक्विड), एक चम्मच शैंपू और एक पैकेट इनो मिलाकर घोल तैयार किया जाता है। ब्लेजर या कोट को इस घोल में 15 से 20 मिनट भिगोने के बाद कॉलर, कफ और अधिक गंदे हिस्सों को हाथों से हल्के दबाव के साथ साफ किया जाता है। कपड़े की बुनावट और फिनिशिंग खराब न हो, इसके लिए सख्त ब्रश के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है।
कंडीशनर से मुलायमता और छांव में सुखाने का सुझाव
डिटर्जेंट व शैंपू का असर हटाने के लिए कपड़ों को दो से तीन बार साफ पानी से खंगालने के बाद, साफ पानी में दो चम्मच हेयर कंडीशनर मिलाकर पांच मिनट तक डुबोए रखने को कहा गया है ताकि कपड़ा मुलायम और तरोताजा बना रहे। इसके बाद हल्के हाथ से निचोड़कर या आवश्यकतानुसार कुछ देर ड्रायर चलाकर इसे हैंगर में टांगकर छायादार व हवादार स्थान पर सुखाया जा सकता है, क्योंकि सीधी तेज धूप से रंग फीका पड़ने की आशंका रहती है।

