बजट 2027-28 से पहले नैसकॉम की मांग: एआई नवाचार, जीसीसी विकास, एमएसएमई साइबर सुरक्षा और कर सुधारों पर जोर
बजट 2027-28 से पहले नैसकॉम की मांग: एआई नवाचार, जीसीसी विकास, एमएसएमई साइबर सुरक्षा और कर सुधारों पर जोर
आईटी व टेक उद्योग संगठन नैसकॉम (NASSCOM) ने आगामी बजट 2027-28 को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष अपने सुझाव रखे हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े बदलावों, साइबर सुरक्षा, कर व्यवस्था में स्पष्टता और औपचारिक रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। संगठन का कहना है कि एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा और नवाचार में अपनी स्थिति और मजबूत करने के लिए नीतिगत व संस्थागत कदम उठाने की जरूरत है।
एआई नवाचार, कौशल विकास और जीसीसी पर प्रमुख सुझाव
एआई सेवा परिवर्तन व नवाचार योजना: नैसकॉम ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा वित्त मंत्रालय की ओर से संयुक्त रूप से तीन साल की शुरुआती अवधि के लिए ‘एआई सेवा परिवर्तन एवं नवाचार योजना’ शुरू करने का प्रस्ताव रखा है, ताकि एआई आधारित उत्पादों-सेवाओं के विकास व व्यावसायीकरण को बढ़ावा मिले और कर्मचारियों के री-स्किलिंग में मदद मिल सके।
जीसीसी व ट्रांसफर प्राइसिंग का विस्तार: बजट 2026-27 में घोषित ट्रांसफर प्राइसिंग उपायों को आगे बढ़ाते हुए टेक्नोलॉजी इनोवेशन, कार्यबल रूपांतरण और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के विकास पर ध्यान केंद्रित करने का सुझाव दिया गया है।
साइबर सुरक्षा, ईएसओपी और कर व्यवस्था में सुधार की मांग
एमएसएमई साइबर सुरक्षा कार्यक्रम: वैश्विक टेक्नोलॉजी डिलीवरी नेटवर्क में छोटी कंपनियों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए एमएसएमई के लिए समर्पित साइबर सुरक्षा कार्यक्रम को सरकारी समर्थन देने की मांग की गई है।
जीसीसी कराधान व ईएसओपी में राहत: जीसीसी में विदेशी विशेषज्ञों, प्रतिनियुक्ति और वैश्विक नेतृत्व की भूमिकाओं से जुड़े कराधान नियमों में स्पष्टता और स्थायी प्रतिष्ठान (PE) संबंधी जोखिमों से सुरक्षा के उपाय मांगे गए हैं; साथ ही गैर-सूचीबद्ध कंपनियों के ईएसओपी (ESOP) पर शेयर आवंटन के समय के बजाय बिक्री, सूचीबद्धता या तय अवधि तक कर भुगतान टालने का प्रस्ताव दिया गया है।
कॉरपोरेट पुनर्गठन व विवाद निस्तारण: पात्र कॉरपोरेट पुनर्गठन (विलय व फास्ट-ट्रैक डीमर्जर) के लिए कर-तटस्थ व्यवस्था लागू करने तथा अपील, रिफंड व कर विवादों के त्वरित समाधान की प्रक्रिया सरल बनाने की अपील की गई है।

