शी जिनपिंग, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की 19 नवंबर को ऐतिहासिक मुलाकात, शेनझेन में होगी त्रिपक्षीय बैठक
शी जिनपिंग, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की 19 नवंबर को ऐतिहासिक मुलाकात, शेनझेन में होगी त्रिपक्षीय बैठक
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर को चीन के शेनझेन शहर में त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। चीनी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर इस मुलाकात की पुष्टि की। यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित की जाएगी। इसमें दुनिया की तीन प्रमुख परमाणु शक्तियों के राष्ट्राध्यक्ष पहली बार एक साथ बातचीत की मेज पर बैठेंगे।
अमेरिका के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बैठक में परमाणु हथियारों में कटौती और ईरान युद्ध से जुड़े मुद्दे उठा सकते हैं। हालांकि, यूक्रेन युद्ध पर चर्चा होने की संभावना नहीं जताई गई है।
चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “19 नवंबर को राष्ट्रपति शी जिनपिंग शेनझेन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के साथ चीन-रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन आयोजित करेंगे।”
व्हाइट हाउस ने पहले ही दिए थे मुलाकात के संकेत
इससे पहले व्हाइट हाउस ने भी ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की संभावित मुलाकात की जानकारी दी थी, हालांकि उस समय बैठक की तारीख का खुलासा नहीं किया गया था। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने पत्रकारों को बताया था कि तीनों नेताओं की यह ऐतिहासिक बैठक ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति शेनझेन में आयोजित होने वाले एपेक सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
वेल्स ने कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनके मुताबिक, ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का प्रसार बेहद खतरनाक है।
18 नवंबर की रात शेनझेन पहुंचेंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 18 नवंबर की देर रात शेनझेन पहुंचेंगे। यहां 21 सदस्य देशों के बीच दो दिवसीय एपेक सम्मेलन आयोजित होगा। वर्ष 2025 में दोबारा अमेरिकी राष्ट्रपति पद संभालने के बाद ट्रंप और जिनपिंग की यह चौथी मुलाकात होगी।
इस त्रिपक्षीय बैठक पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें रहेंगी, क्योंकि इसमें परमाणु हथियारों, वैश्विक सुरक्षा और ईरान से जुड़े मुद्दों पर तीनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत होने की संभावना है।

