अखिलेश यादव के बयान पर उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी का तीखा पलटवार: बोले- “उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि का अपमान”
अखिलेश यादव के बयान पर उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी का तीखा पलटवार: बोले- “उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि का अपमान”
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए एक बयान पर उत्तराखंड की राजनीति में घमासान मच गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अखिलेश यादव और उनके परिवार पर जोरदार हमला बोला है।
क्या था अखिलेश यादव का बयान?
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि “सबसे बड़े घुसपैठिया यूपी में कौन है, उत्तराखंड के. तो घुसपैठिया डिफाइन करना पड़ेगा।” उनके इसी बयान को लेकर अब उत्तराखंड में सियासी पारा चढ़ गया है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी का पलटवार:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है और यहां के लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहना देवभूमि के स्वाभिमान और बलिदान का सीधा अपमान है।
रामपुर तिराहा कांड की दिलाई याद: सीएम धामी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके पिता और पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग यह कभी नहीं भूल सकते कि जब मुलायम सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब अलग राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चलाई गई थीं।
कांग्रेस से तीखा सवाल: सीएम धामी ने इस दौरान कांग्रेस को भी घेरे में लेते हुए सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड की जनता को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? कांग्रेस को देवभूमि की जनता को इसका जवाब देना चाहिए।

