मनोरंजन

दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल विवाद: मीका सिंह ने CM धामी से की मंत्री के माफी मांगने की अपील

दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल विवाद: मीका सिंह ने CM धामी से की मंत्री के माफी मांगने की अपील

​गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब दलेर मेहंदी के भाई और मशहूर गायक मीका सिंह ने इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील की है कि वे मंत्री सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी के सामने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मंगवाएं। मीका चाहते हैं कि मंत्री एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दें और दलेर भाई की गरिमा का सम्मान करें।

​मीका सिंह की मुख्यमंत्री धामी से अपील

​मीका सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने खुद उन्हें फोन करके इस मामले पर बातचीत की थी, जिसकी वे सराहना करते हैं।

​मीका ने लिखा, “उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी एक विनम्र और जमीन से जुड़े हुए व्यक्ति हैं। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मुझे फोन किया था, जिसके लिए मैं उनका सम्मान करता हूं।” इसके साथ ही उन्होंने मांग दोहराई कि मंत्री सुबोध उनियाल एक वीडियो जारी कर यह स्पष्ट करें और माफी मांगें कि दलेर मेहंदी परफॉर्मेंस के दौरान नशे में थे, क्योंकि यह उनकी प्रतिष्ठा के खिलाफ है।

​क्या है पूरा विवाद?

​यह पूरा मामला नवरात्रि के दौरान उत्तराखंड में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां दलेर मेहंदी ने अपनी प्रस्तुति दी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, उस दौरान सिंगर की तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से उनके नशे में होने की बात कही गई, जिसके बाद यह विवाद खड़ा हो गया।

​विवाद बढ़ने के बाद सीएम धामी ने खुद मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री के इस हस्तक्षेप के बाद मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *