अमित मिश्रा का बड़ा खुलासा: विराट कोहली और अनिल कुंबले पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
अमित मिश्रा का बड़ा खुलासा: विराट कोहली और अनिल कुंबले पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
टीम इंडिया के अनुभवी स्पिनर रहे अमित मिश्रा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के अंत को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान मिश्रा ने दावा किया कि साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए मैच के बाद उन्हें दोबारा टीम में वापसी का मौका नहीं मिला, जबकि पूर्व कप्तान विराट कोहली और उस समय के कोच अनिल कुंबले ने उन्हें पूरा भरोसा दिलाया था।
अमित मिश्रा ने बताया कि जब वे पैर की चोट के कारण टीम से बाहर हुए थे, तब कोच अनिल कुंबले ने उन्हें आश्वासन दिया था कि फिट होने के बाद वे टीम में स्वतः वापस लौट आएंगे। इसके बाद जब विराट कोहली कप्तान बने, तो मिश्रा ने उनसे भी बात की थी। उनके मुताबिक, विराट ने भी उन्हें चिंता न करने और पूरी तरह फिट होने की सलाह दी थी।
हालांकि, चोट से उबरने के बाद जब मिश्रा ने कप्तान विराट कोहली से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। मिश्रा ने आरोप लगाया कि फोन कॉल और मैसेज करने के बावजूद विराट ने न तो कोई अपडेट दिया और न ही उनका फोन उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि उनसे भी गंभीर रूप से चोटिल होने वाले कई अन्य खिलाड़ी तो आसानी से टीम में लौट आए, लेकिन उन्हें आज तक इस बात का कोई जवाब नहीं मिला कि उन्हें नजरअंदाज क्यों किया गया।

