Wednesday, October 21, 2026
Latest:
मनोरंजन

दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे फिल्मी सितारे, उत्तराखंड मंत्री के मंच पर बर्ताव पर जताई आपत्ति

दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे फिल्मी सितारे, उत्तराखंड मंत्री के मंच पर बर्ताव पर जताई आपत्ति

नई दिल्ली/देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के साथ उत्तराखंड में हुए विवाद के बाद बॉलीवुड और संगीत जगत के कई बड़े नाम उनके समर्थन में सामने आए हैं। अभिनेता अनुपम खेर, राजपाल यादव, कपिल शर्मा, रैपर बादशाह, गायक मीका सिंह समेत कई हस्तियों ने उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के मंच पर किए गए बर्ताव की आलोचना की है।

घटना 18 अक्टूबर 2026 की रात टिहरी गढ़वाल के नई टिहरी में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई। नवरात्रि के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रदर्शन कर रहे थे। तभी कैबिनेट मंत्री और नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल मंच पर चढ़ गए और गायक से सवाल किया। मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में थे, मंच पर लड़खड़ा रहे थे और लाइव गाने की बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतने पैसे देकर बुलाया गया है, फिर भी सही प्रदर्शन नहीं हो रहा।

वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री ने एएनआई से बातचीत में कहा कि दलेर मेहंदी को कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि गायक मंच पर असहज लग रहे थे और कला का हक नहीं दे रहे थे।

सेलेब्स का समर्थन

इसके बाद उद्योग जगत से समर्थन का सिलसिला शुरू हो गया। दलेर मेहंदी के छोटे भाई मीका सिंह ने साफ किया कि उनके भाई शराब नहीं पीते। उन्होंने बताया कि दलेर पिछले दो साल से अस्वस्थ चल रहे हैं और हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है। मीका ने चुनौती दी कि अगर कोई साबित कर दे कि दलेर शराब पीते हैं तो वे गाना छोड़ देंगे।

अनुपम खेर ने वीडियो जारी कर कहा कि वे दलेर मेहंदी को 20-30 साल से जानते हैं। उनके अनुसार दलेर शराब नहीं पीते और स्वास्थ्य ठीक नहीं है। खेर ने मंत्री से सवाल किया, “आपको प्रदर्शन पर शिकायत हो सकती है, गुस्सा भी आ सकता है, लेकिन क्या मंच पर सबके सामने अपमानित करना जरूरी था? क्या निजी तौर पर सम्मान के साथ बात नहीं की जा सकती थी?”

राजपाल यादव ने भी समर्थन जताते हुए कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। उन्होंने फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में उनके साथ काम करने का जिक्र किया और कहा कि कला को खरीदा नहीं जा सकता। कला का सम्मान होना चाहिए।

कपिल शर्मा ने मीका के पोस्ट को शेयर करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी की गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोग नहीं जानते। बादशाह ने कहा कि कलाकार की सार्वजनिक रूप से अपमानित करना निराशाजनक है। हर्षदीप कौर, पलाश सेन, शान, जैस्मीन भसीन, अली गोनी समेत कई अन्य कलाकारों ने भी दलेर का साथ दिया।

मंत्री का पक्ष

मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि अगर तबीयत खराब थी तो कार्यक्रम में आना ही नहीं चाहिए था। उन्होंने कहा कि कलाकार होने का मतलब यह नहीं कि लोगों को मूर्ख बनाया जाए। पैसे दिए गए थे, व्यवस्था की गई थी, इसलिए सही प्रदर्शन की उम्मीद थी।

यह विवाद कलाकारों के साथ सार्वजनिक व्यवहार, उनके स्वास्थ्य और पेशेवर जवाबदेही पर चर्चा का विषय बन गया है। दलेर मेहंदी लंबे समय से भारतीय पॉप और भंगड़ा संगीत के प्रमुख नाम रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *