ICC रैंकिंग में राशिद खान का दबदबा बरकरार, वनडे में नंबर-1 की कुर्सी और मजबूत; सेदिकुल्ला अटल को भी फायदा
ICC रैंकिंग में राशिद खान का दबदबा बरकरार, वनडे में नंबर-1 की कुर्सी और मजबूत; सेदिकुल्ला अटल को भी फायदा
अफगानिस्तान के स्टार स्पिन गेंदबाज राशिद खान ने आईसीसी की ताजा वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में अपनी नंबर-1 की पोजीशन और मजबूत कर ली है। जिम्बाब्वे के खिलाफ ट्राई सीरीज के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले राशिद टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ राशिद ने आठ ओवर में सिर्फ 17 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने अबू धाबी में 158 रन से बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में उनकी रेटिंग 714 से बढ़कर 742 हो गई है।
राशिद अब दूसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद से 80 रेटिंग अंक आगे हैं। दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
सेदिकुल्ला अटल ने लगाई लंबी छलांग
अफगानिस्तान के बल्लेबाज सेदिकुल्ला अटल को भी ताजा वनडे रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक लगाने के बाद वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 32वें से 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अटल ने 110 गेंदों में 102 रन की पारी खेली। यह उनका वनडे करियर का तीसरा शतक था। उनकी शानदार बल्लेबाजी ने अफगानिस्तान को यूएई में जारी ट्राई सीरीज में बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस सीरीज में बांग्लादेश भी हिस्सा ले रहा है।
पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान आगा एक स्थान ऊपर चढ़कर 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, इंग्लैंड के बाएं हाथ के बल्लेबाज बेन डकेट ने दो स्थान की छलांग लगाई है और वह 13वें स्थान पर आ गए हैं।
बांग्लादेश के गेंदबाजों को भी फायदा
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में बांग्लादेश के शोरिफुल इस्लाम दो स्थान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके साथी गेंदबाज तस्कीन अहमद ने नौ स्थान की बड़ी छलांग लगाई है और वह 12वें स्थान पर आ गए हैं।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ भी दो स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 20वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
टी20 रैंकिंग में शाई होप टॉप-10 में शामिल
टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉप-10 में जगह बना ली है। भारत के खिलाफ सीरीज के चौथे मुकाबले में नाबाद 102 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इस प्रदर्शन के बाद वह 11वें से नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह सीरीज 2-2 से बराबर रही।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड भी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर 18वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती ने गेंदबाजों की रैंकिंग में 10 स्थान की छलांग लगाई है और वह 26वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

