Wednesday, October 21, 2026
Latest:
खेल

IPL 2027: अमित मिश्रा बने दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन-बॉलिंग कोच, पहली बार संभालेंगे कोचिंग की जिम्मेदारी

IPL 2027: अमित मिश्रा बने दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन-बॉलिंग कोच, पहली बार संभालेंगे कोचिंग की जिम्मेदारी

दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने आईपीएल 2027 के लिए भारत के पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा को स्पिन-बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ मिश्रा उस फ्रेंचाइजी में नई भूमिका में लौटे हैं, जिसके साथ उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। 43 वर्षीय मिश्रा ने सितंबर 2025 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया था। अब वह पहली बार आईपीएल में कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

दिल्ली कैपिटल्स के सोशल मीडिया हैंडल पर बुधवार को साझा किए गए वीडियो में मिश्रा ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आईपीएल के पहले सीजन में वह दिल्ली की टीम का हिस्सा थे और अब अपने कोचिंग करियर की शुरुआत भी इसी फ्रेंचाइजी से कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली को अपनी धड़कन बताते हुए कहा कि टीम प्रशंसकों को वह खुशी देने की कोशिश करेगी, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली कैपिटल्स अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है। टीम पिछले सीजन में छठे स्थान पर रही थी। ऐसे में मिश्रा की नियुक्ति को टीम के स्पिन गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

आईपीएल में अमित मिश्रा का शानदार रिकॉर्ड

अमित मिश्रा आईपीएल के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2008 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और अपने पहले ही मैच में पांच विकेट हासिल किए थे। उनके नाम आईपीएल इतिहास में तीन हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड दर्ज है, जो इस लीग में किसी भी गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा है।

मिश्रा ने 2008 से 2024 तक आईपीएल के कई सीजन में हिस्सा लिया। इस दौरान वह दिल्ली डेयरडेविल्स, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों के लिए खेले।

उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेला था। अपने आईपीएल करियर में मिश्रा ने 162 मैचों में 174 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी रेट 7.37 रही।

भारतीय टीम के लिए भी किया प्रतिनिधित्व

अमित मिश्रा ने 2003 से 2017 के बीच भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अपनी धीमी गति और हवा में गेंद को फ्लाइट देने की कला के लिए पहचाने जाने वाले मिश्रा अब कोच के रूप में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *