अंकिता भंडारी केस के विवाद के बीच दुष्यंत कुमार गौतम ने ली सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ
अंकिता भंडारी केस के विवाद के बीच दुष्यंत कुमार गौतम ने ली सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ
सिक्किम की राजधानी गंगटोक स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में दुष्यंत कुमार गौतम ने राज्य के 19वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ‘VIP एंगल’ को लेकर उनकी नियुक्ति का विरोध हो रहा था। सिक्किम से लेकर दिल्ली तक इस फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किए गए थे।
सिक्किम हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ए. मोहम्मद मुस्ताक ने दुष्यंत कुमार गौतम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, मंत्रिपरिषद के सदस्य, विधानसभा अध्यक्ष, हाई कोर्ट के न्यायाधीश, लोकसभा सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने नवनियुक्त राज्यपाल का परिचय विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विधायकों और अन्य प्रमुख हस्तियों से कराया। इसके बाद सिक्किम सशस्त्र पुलिस ने उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
राष्ट्रपति ने 12 अक्टूबर को की थी नियुक्ति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर 2026 को दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने ओम प्रकाश माथुर की जगह ली है और अब राज्य के 19वें राज्यपाल बन गए हैं।
अंकिता भंडारी मामले को लेकर नियुक्ति का विरोध
दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति को लेकर सिक्किम में पिछले सप्ताह युवाओं और जागरूक नागरिकों ने गंगटोक स्थित जिला प्रशासनिक केंद्र पर शांतिपूर्ण धरना दिया था। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि 2022 के अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘VIP एंगल’ को लेकर चल रही सीबीआई जांच पूरी होने तक उनकी नियुक्ति टाल दी जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही इस नियुक्ति पर आगे बढ़ना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर सिक्किम में विरोध दर्ज कराया गया।
दिल्ली में अंकिता के माता-पिता ने भी जताया विरोध
दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति के खिलाफ दिल्ली के इंडिया गेट पर भी प्रदर्शन हुआ था। अंकिता भंडारी के माता-पिता ने इस फैसले का विरोध करते हुए धरना दिया। उनके साथ दुष्कर्म विरोधी कार्यकर्ता योगिता भयाना भी मौजूद थीं।
इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के कई नेता प्रदर्शनकारियों के प्रति एकजुटता जताने के लिए वहां पहुंचे थे।
दुष्यंत कुमार गौतम के राज्यपाल पद की शपथ लेने के साथ ही नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई है, लेकिन अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित ‘VIP एंगल’ को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यह मुद्दा राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा में बना हुआ है।

