पवन सिंह ने मंच से अक्षरा सिंह से मांगी माफी, पत्नी ज्योति सिंह ने पोस्ट कर कसा तंज!
पवन सिंह ने मंच से अक्षरा सिंह से मांगी माफी, पत्नी ज्योति सिंह ने पोस्ट कर कसा तंज!
बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में रविवार रात भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मां बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में आयोजित कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का माहौल रहा। हालांकि, कार्यक्रम उस वक्त चर्चा में आ गया, जब पवन सिंह ने मंच से अभिनेत्री अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इसके बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट भी सुर्खियों में आ गई।
पवन सिंह बोले- अक्षरा सिंह को बुरा लगा हो तो दिल से सॉरी
मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर में मां बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में पवन सिंह को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। अपनी गायकी से उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसी दौरान उन्होंने मंच से अक्षरा सिंह का नाम लेते हुए पुरानी बातों के लिए माफी मांगी।
पवन सिंह ने कहा, “मेरी वजह से अगर अक्षरा सिंह को बुरा लगा है, तो दिल से सॉरी बोलता हूं और प्रणाम करता हूं।”
उन्होंने अक्षरा सिंह के माता-पिता से भी माफी मांगते हुए कहा कि अगर उनकी किसी बात या व्यवहार से उन्हें दुख पहुंचा हो, तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। पवन सिंह ने अपने बयान में किसी खास घटना का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके इस सार्वजनिक माफीनामे ने कार्यक्रम को भावुक मोड़ दे दिया।
पत्नी ज्योति सिंह की पोस्ट ने खींचा ध्यान
पवन सिंह के मंच से माफी मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसी बीच उनकी पत्नी ज्योति सिंह की प्रतिक्रिया भी सामने आई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा किया, जिसमें लिखा था, “वाह रे राजपूताना स्वाभिमान।”
ज्योति सिंह की इस टिप्पणी को पवन सिंह के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने नोट में सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया। उनकी पोस्ट के पीछे की मंशा को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
250 फीट ऊंचा दुर्गा पूजा पंडाल बना आकर्षण
कल्याणपुर में इस बार दुर्गा पूजा के लिए मलेशिया के प्रसिद्ध पेट्रोनास ट्विन टावर्स की तर्ज पर करीब 250 फीट ऊंचा भव्य पंडाल बनाया गया है। यह पंडाल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
करीब 350 साल पुरानी दुर्गा पूजा परंपरा के लिए प्रसिद्ध कल्याणपुर में इस बार धार्मिक आस्था के साथ भव्य सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी खास आकर्षण है। मां बड़ी दुर्गा महारानी के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ और पवन सिंह की प्रस्तुति ने आयोजन को यादगार बना दिया। वहीं, अक्षरा सिंह से माफी और ज्योति सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

