Sunday, October 18, 2026
Latest:
राजनीति

प्रशांत किशोर ने की नीतीश कुमार की तारीफ, सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर बोला तीखा हमला

प्रशांत किशोर ने की नीतीश कुमार की तारीफ, सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर बोला तीखा हमला

​वैशाली / पटना:

​बिहार में विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों पर हो रहे चुनावों की सरगर्मी के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का एक बड़ा बयान सामने आया है। वैशाली में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने एक तरफ जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक सूझबूझ और उनके शुरुआती कार्यों की तारीफ की, वहीं दूसरी ओर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा।

​नीतीश कुमार की तारीफ और अनंत सिंह के बयान पर बचाव

​कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे प्रशांत किशोर ने वैशाली में जनसभा के दौरान कहा कि नीतीश कुमार बिहार के सबसे सुलझे और समाज की चिंता करने वाले नेताओं में गिने जाएंगे। बिहार के ऑल-टाइम टॉप 10 नेताओं में उनका नाम आएगा।

​गड़बड़ियों पर सफाई: उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे और उनके नाम पर दूसरे लोग सत्ता चला रहे थे, तब कई गड़बड़ियां हुईं, जिसका उन्होंने विरोध किया था। हालांकि, जब नीतीश जी स्वस्थ थे, उन्होंने बिहार को सुधारने के पूरे प्रयास किए।

​अनंत सिंह मामले पर: अनंत सिंह के कथित 9 हत्याओं वाले बयान पर छिड़े विवाद में नीतीश कुमार का बचाव करते हुए प्रशांत ने कहा कि जितना वे नीतीश कुमार को जानते हैं, वे काफी सुलझे हुए नेता हैं और इस बयान के गलत मायने निकाले गए हैं।

​राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बयान के जरिए प्रशांत किशोर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (Graduate Constituency) के उन मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रहे हैं जो लंबे समय से नीतीश कुमार के समर्थक रहे हैं।

​सम्राट चौधरी पर हमला और अधूरे वीडियो पर सफाई

​हाल ही में सम्राट चौधरी को लेकर वायरल हुए अपने बयान पर सफाई देते हुए प्रशांत किशोर आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके बयान को आधा-अधूरा चलाकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा:

​”मैं रोज कह रहा हूं कि सम्राट चौधरी अनपढ़ हैं, 7वीं फेल हैं और 7 लोगों की हत्या के आरोप में जेल काटकर आए हैं। अगर थाने में विधायक-सांसद यह तय करने लगें कि कौन आरोपी है और उसे गोली मार दी जाए, तो उस हिसाब से तो सम्राट चौधरी भी अपराधी हो जाएंगे। अगर मैंने कुछ गलत कहा है, तो सम्राट चौधरी की अपनी सरकार है, मुझ पर केस कर दें, मैं यहीं हूं।”

​जाति-धर्म से ऊपर उठकर वोट देने की अपील

​प्रशांत किशोर बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वैशाली में उन्होंने जनता से अपील की कि वे बांकीपुर की तर्ज पर जाति और धर्म की संकीर्ण दीवारों से ऊपर उठकर वोट करें। उन्होंने कहा कि जनता को अपने और अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा, रोजगार तथा शिक्षकों को उनके सम्मान व उचित वेतनमान के लिए मतदान करना चाहिए। अब लोगों को यह तय करना है कि उन्हें सम्राट चौधरी की “बेलगाम व्यवस्था” में रहना है या उस पर अंकुश लगाना है।

​वैशाली नाव दुर्घटना पर सरकार को घेरा

​वैशाली में हाल ही में हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशांत किशोर ने राज्य सरकार पर संवेदनाहीन होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में 15 बच्चों की मौत हो गई, लेकिन मुख्यमंत्री और एनडीए सरकार के पास इतना वक्त नहीं है कि वे पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हाल जान सकें। उन्होंने घोषणा की कि वे आगामी 20 अक्टूबर (दशहरा के दिन) अपना पूरा समय उन शोककुल परिवारों के साथ बिताएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *