अभिजीत दीपके और नेहा बोरा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, विरोध करने वालों पर लगाए पैसे लेकर आने के आरोप
अभिजीत दीपके और नेहा बोरा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, विरोध करने वालों पर लगाए पैसे लेकर आने के आरोप
दिल्ली के प्रेस क्लब में गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोरा और अन्य नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा हो गया। पत्रकारों से भरे प्रेस क्लब के लॉन में अचानक ‘बंद करो, दफा हो जाओ’ के नारे सुनाई देने लगे। इस पर अभिजीत दीपके ने विरोध कर रहे लोगों पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि वे पैसे लेकर हंगामा करने पहुंचे हैं।
सौरभ दास और आशुतोष रांका के समर्थन में बुलाई गई थी प्रेस कॉन्फ्रेंस
सीजेपी ने जंतर-मंतर पर कथित तौर पर अवैध तरीके से प्रवेश करने और बेल बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किए गए अपने सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका के समर्थन में 16 अक्टूबर को दिल्ली के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने का ऐलान किया है।
इसी कार्यक्रम को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों और सिविल सोसाइटी समूहों के साथ प्रेस क्लब में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इसमें नेता बारी-बारी से अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान आइसा प्रमुख नेहा बोरा के बोलते समय कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
‘50-100 रुपये का नोट देकर बाहर कर दीजिए’
अचानक हुए हंगामे के बाद पत्रकार पीछे की ओर मुड़कर देखने लगे। नेहा बोरा ने विरोध कर रहे लोगों को शांत कराने की कोशिश की और प्रेस क्लब प्रबंधन से उन्हें बाहर करने की अपील की।
इसके बाद अभिजीत दीपके ने माइक संभालते हुए विरोध करने वालों पर पैसे लेकर ऐसा करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इनको 50-100 का नोट दे दीजिए। इसलिए वे आए हैं। प्रेस क्लब वालों से कहता हूं कि इन्हें 50-100 का नोट देकर बाहर कर दीजिए।”
दीपके ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मामूली रकम के लिए इस तरह की हरकतें कर रहे हैं।
नेहा बोरा ने भी विरोध करने वालों पर कसा तंज
हंगामे के बीच नेहा बोरा ने कहा कि विरोध कर रहे लोगों को एक कोने में अपनी बात रखने दी जाए और पत्रकार पूरे घटनाक्रम को कवर करें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये लोग स्टूडियो में जो सीखते हैं, वही यहां कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने सीजेपी और छात्र संगठनों की ओर से आयोजित कार्यक्रम को चर्चा में ला दिया।

