पीएम मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर LK आडवाणी से लिया आशीर्वाद
पीएम मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर एलके आडवाणी से लिया आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर सरकार के प्रमुख के तौर पर अपना सफर शुरू किया था। 2014 से वे प्रधानमंत्री के पद पर हैं। इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर उन्होंने सबसे पहले नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इसके बाद वे आडवाणी जी के निवास पहुंचे। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी आडवाणी जी के साथ बैठे नजर आए और उनके हाथ पर हाथ रखकर बातचीत करते दिखे। उन्होंने वरिष्ठ नेता को पुष्पगुच्छ भी भेंट किया।
मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा,
“आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उनकी दशकों की जनसेवा और राष्ट्रीय जीवन में उनके योगदान ने अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने भारत की प्रगति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।”
इस दिन पीएम मोदी ने अपने 25 साल के सफर पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 2001 में जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब उन्होंने नहीं सोचा था कि एक दिन सरकार के प्रमुख के रूप में उनकी यात्रा 25 साल पूरी करेगी। उन्होंने इसे जनता के आशीर्वाद का परिणाम बताया और कहा कि सेवा ही उनके राजनीतिक जीवन का केंद्रीय विषय रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भारत रत्न से सम्मानित हैं और देश की राजनीति में दशकों से सक्रिय रहे हैं। वे पूर्व गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री रह चुके हैं।

