अमृतसर: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में गोल्डी ढिल्लों और जग्गा का नाम आया सामने
अमृतसर: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में गोल्डी ढिल्लों और जग्गा का नाम आया सामने
अमृतसर के रंजीत एवेन्यू में पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू (असली नाम मधुसूदन) की हत्या के मामले में सोशल मीडिया पर एक नया मोड़ आया है। शनिवार शाम करीब 6 बजे लोहड़का रोड पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी, जिसके बाद अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया था।
अब ‘Goldy Dhillon’ नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें इस हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन के नाम से लेने का दावा किया गया है। हालांकि, इस वायरल पोस्ट की सत्यता की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
इस पोस्ट में नई पीढ़ी को खराब करने और टिकटॉक के जरिए ऐसे लोगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। साथ ही, स्कूलों में ऐसे लोगों को चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाने वालों को ‘आखिरी चेतावनी’ दी गई है। पोस्ट में पंजाब में गुंडागर्दी करने वालों को राज्य छोड़ने की धमकी देते हुए लिखा गया है कि पंजाब ‘योद्धाओं की धरती’ है और यहां सिर्फ योद्धा ही रहेंगे।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) सिरीवेन्नेला ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, जांच एजेंसियां इस वायरल सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे के असली चेहरों का पता लगाने में जुट गई हैं।

