Saturday, October 3, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

CEC के खिलाफ प्रदर्शन: मुंबई में 500 पर FIR, दिल्ली में भी 3 केस

CEC के खिलाफ प्रदर्शन: मुंबई में 500 पर FIR, दिल्ली में भी 3 केस

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर को दिल्ली और मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं समेत करीब 500 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के संबंध में पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं।

मुंबई में बिना अनुमति जुटी भीड़

मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में 2 अक्टूबर को शाम करीब 4 से 7 बजे के बीच प्रदर्शनकारी जुटे थे। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने, जनसभा करने, नारेबाजी और सार्वजनिक सड़क पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के आरोप में शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

एफआईआर में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, अजिंक्य शिंदे, प्रणय अहिरे, आशुतोष रांका, सौरभ दास समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं। इस प्रदर्शन में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री शबाना आजमी और संगीतकार विशाल ददलानी भी शामिल हुए थे।

मुंबई पुलिस का कहना है कि आयोजकों को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग जुटे, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की गई।

दिल्ली में जंतर-मंतर पर भी कार्रवाई

दिल्ली में भी 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। नई दिल्ली जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई थी और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी।

इसके बावजूद आम आदमी पार्टी, वामपंथी दलों और आइसा जैसे छात्र संगठनों से जुड़े प्रदर्शनकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं।

इस्तीफे और SIR की जांच की मांग

प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। दोनों शहरों में पुलिस ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। प्रदर्शन के बाद अब पुलिस दर्ज मामलों की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *