विकास भी, विरासत भी: धामी सरकार की पहल से संवर रहे हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने लिया जायजा
विकास भी, विरासत भी: धामी सरकार की पहल से संवर रहे हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप उत्तराखंड के शहरों को आधुनिक सुविधाओं, सुंदर स्वरूप और सुनियोजित विकास से लैस करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर क्षेत्र में विभिन्न प्रस्तावित व निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता तथा समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
हल्द्वानी में सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं का विस्तार
आकर्षक चौराहे: हल्द्वानी के हैराखान चौराहे पर ‘मानसखंड थीम’ आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर ‘नारी शक्ति थीम’ आधारित रोटरी विकसित की जाएगी, जिससे शहर के प्रमुख चौराहों को नया और सांस्कृतिक स्वरूप मिलेगा।
डीके पार्क और हरितीकरण: रामलीला ग्राउंड के पास स्थित डी.के. पार्क में आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। साथ ही, नरीमन क्षेत्र के पास रोड मीडियन में वृक्षारोपण और हरितीकरण का कार्य भी इसी माह टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा।
हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि: निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट हेतु प्रस्तावित भूमि का भी जायजा लिया गया और सभी संबंधित कार्यों को आपसी समन्वय से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
ऊधमसिंह नगर में स्टेडियम, आधुनिक बस अड्डा और पार्किंग का निरीक्षण
रुद्रपुर स्टेडियम: मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना का जायजा लेते हुए संशोधनों के साथ निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।
किच्छा में आधुनिक बस अड्डा: ग्राम खुर्पिया फार्म (किच्छा) में 12.48 करोड़ रुपये की लागत से 3.50 एकड़ भूमि पर बने अत्याधुनिक बस अड्डे का निरीक्षण किया गया। एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास होने के कारण यह क्षेत्रीय आवागमन के लिए बेहद अहम साबित होगा। इसे अप्रैल 2026 में परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है।
सितारगंज पार्किंग कॉम्प्लेक्स: मुख्य बाजार में 9.75 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स (जिसमें 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, ओपन जिम और किड्स प्ले एरिया शामिल है) के फिनिशिंग कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी विकास योजनाएं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरनी चाहिए, ताकि जनता को इनका सीधा और त्वरित लाभ मिल सके।

