कांगो में इबोला का कहर, 4 हजार से ज्यादा मौतें; 7 प्रांतों तक फैला संक्रमण
कांगो में इबोला का कहर, 4 हजार से ज्यादा मौतें; 7 प्रांतों तक फैला संक्रमण
कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में इबोला का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश के सात प्रांतों में अब तक 8,300 मामले सामने आए हैं, जबकि 4,018 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 2,162 मरीज ठीक हुए हैं। इस प्रकोप में मृत्यु दर 48.4 प्रतिशत दर्ज की गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सहायता संगठन मेडेसिन्स सान्स फ्रंटियर्स (एमएसएफ) ने चेतावनी दी है कि संक्रमण और मौतों की वास्तविक संख्या आधिकारिक आंकड़ों से अधिक हो सकती है। संगठन के मुताबिक, निगरानी व्यवस्था में कमियों और संक्रमित लोगों की पहचान में आ रही मुश्किलों के कारण कई मामले दर्ज नहीं हो पाए होंगे।
63 स्वास्थ्य क्षेत्रों तक फैला संक्रमण
अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (अफ्रीका सीडीसी) ने भी संक्रमण के मामलों में हालिया गिरावट को लेकर सतर्क किया है। एजेंसी के अधिकारी वेसम मनकौला के अनुसार, मई के मध्य में संक्रमण केवल तीन स्वास्थ्य क्षेत्रों तक सीमित था, लेकिन अब यह सात प्रांतों के 63 स्वास्थ्य क्षेत्रों में फैल चुका है। इनमें से 45 स्वास्थ्य क्षेत्रों में अब भी संक्रमण जारी है।
मामलों में कमी के बावजूद चिंता बरकरार
अफ्रीका सीडीसी के मुताबिक, पिछले चार से पांच सप्ताह में संक्रमण के मामलों का ग्राफ काफी हद तक स्थिर रहा है। हाल के सप्ताह में नए मामलों में कमी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन इसे प्रकोप पर नियंत्रण का संकेत नहीं माना जा सकता।
मनकौला ने बताया कि कई इलाकों में असुरक्षा और स्थानीय समुदायों के विरोध के कारण निगरानी तथा संक्रमण से निपटने के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं। इससे संक्रमित लोगों की पहचान नहीं हो पाने की आशंका बढ़ गई है।
कांगो का अब तक का सबसे घातक इबोला प्रकोप
मौजूदा प्रकोप को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के इतिहास का सबसे बड़ा और घातक इबोला प्रकोप बताया जा रहा है। वहीं, दुनियाभर में यह 2014 से 2016 के बीच पश्चिम अफ्रीका में फैले प्रकोप के बाद दूसरा सबसे बड़ा इबोला प्रकोप है। स्वास्थ्य एजेंसियों के सामने संक्रमण की निगरानी, नए मामलों की पहचान और प्रभावित क्षेत्रों में रोकथाम के प्रयास तेज करने की चुनौती बनी हुई है।
