रूस में क्रैश हुआ परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम Tu-95 बॉम्बर विमान, हादसे में 6 क्रू मेंबर्स की मौत
रूस में क्रैश हुआ परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम Tu-95 बॉम्बर विमान, हादसे में 6 क्रू मेंबर्स की मौत
रूस से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आ रही है, जहां देश का प्रसिद्ध बमवर्षक विमान Tu-95 एक प्रशिक्षण मिशन के दौरान क्रैश हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में चालक दल (क्रू) के 6 सदस्यों की जान चली गई है, जबकि एक सदस्य घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमूर क्षेत्र के निर्जन इलाके में हुआ हादसा
रक्षा मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना रूस के सुदूर पूर्वी हिस्से में स्थित अमूर क्षेत्र के एक निर्जन इलाके में हुई। Tu-95 बॉम्बर ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटना का शिकार होकर जमीन पर गिर गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि टक्कर के बाद विमान के फ्यूल टैंक में भीषण विस्फोट हो गया, जिससे उसमें आग लग गई और पूरा मलबा आग की चपेट में आ गया। विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही और दो की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई।
बिना हथियारों के उड़ान भर रहा था विमान
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि हादसे के वक्त इस बमवर्षक विमान में कोई हथियार मौजूद नहीं था। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना किन कारणों से हुई। हादसे की असल वजह का पता लगाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने जांचकर्ताओं की एक विशेष टीम का गठन कर उसे मौके पर रवाना कर दिया है।
परमाणु हथियार ले जाने में पूरी तरह सक्षम माने जाने वाले Tu-95 जैसे शक्तिशाली विमान का इस तरह क्रैश होना रूस के लिए एक बड़ी घटना है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस दुर्घटना से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।
