Wednesday, September 23, 2026
Latest:
खेल

एशियन गेम्स 2026: पुरुष स्कीट टीम ने जीता ब्रॉन्ज, शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी

एशियन गेम्स 2026: पुरुष स्कीट टीम ने जीता ब्रॉन्ज, शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिलाओं के बाद भारतीय पुरुष स्कीट टीम ने भी देश के खाते में ब्रॉन्ज मेडल जोड़ दिया। भवतेघ सिंह गिल, अनंतजीत सिंह नारुका और मैराज अहमद खान की तिकड़ी ने फाइनल में कुल 346 का स्कोर करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।

कुवैत ने 348 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि 353 के स्कोर के साथ कतर ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय टीम के अनंतजीत सिंह नारुका ने स्कीट की व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

इससे पहले भारतीय महिला स्कीट टीम ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था। परिनाज धालीवाल, रजिया ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान की टीम ने 331 का स्कोर करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर पदक से चूक गईं। व्यक्तिगत फाइनल में मनु 181.1 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। टीम इवेंट में भी मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरुचि की भारतीय तिकड़ी मामूली अंतर से पदक हासिल करने से चूक गई और चौथे स्थान पर रही।

हालांकि, एशियन गेम्स में भारत के लिए शूटिंग अब तक पदकों का बड़ा स्रोत रही है। 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद ने सिल्वर मेडल जीता। इसके बाद इलावेनिल ने इसी स्पर्धा के व्यक्तिगत इवेंट में भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में पार्थ माने, हिमांशु ढिल्लों और रुद्राक्ष पाटिल ने भारत को सिल्वर मेडल दिलाया। व्यक्तिगत मुकाबलों में हिमांशु ने सिल्वर, जबकि रुद्राक्ष ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस तरह शूटिंग में भारतीय खिलाड़ियों का पदक अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *