रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके को NDA में शामिल होने का दिया न्योता, शरद पवार की पार्टी से भी की अपील
रामदास आठवले ने अभिजीत दीपके को NDA में शामिल होने का दिया न्योता, शरद पवार की पार्टी से भी की अपील
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के प्रमुख रामदास आठवले ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके को एनडीए में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने अभिजीत दीपके से अपनी पार्टी RPI (आठवले) में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि इससे समाज और पार्टी दोनों को मजबूती मिलेगी।
आठवले ने कहा कि अभिजीत दीपके उनके साथ आकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम कर सकते हैं।
‘आरक्षण संवैधानिक अधिकार, खत्म करने की मांग गलत’
रामदास आठवले ने आरक्षण खत्म करने की मांगों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी मांगें गलत हैं और आरक्षण संविधान से मिला अधिकार है।
उन्होंने सरकार से आरक्षण समाप्त करने की मांग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील भी की।
शरद पवार की पार्टी को NDA में आने का न्योता
आठवले ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP को भी NDA में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों को कम करते हुए सभी को देश के विकास के लिए साथ आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब सही समय है कि शरद पवार की पार्टी केंद्र की NDA सरकार का हिस्सा बने।
‘शरद पवार नहीं आएं तो 8 सांसद आएं’
रामदास आठवले ने कहा कि अगर शरद पवार खुद NDA में शामिल नहीं होते हैं तो उनकी पार्टी के आठ सांसदों को NDA के साथ आना चाहिए।
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह खुद भी वैचारिक मतभेदों के बावजूद केंद्र सरकार का हिस्सा बने हैं। आठवले ने जॉर्ज फर्नांडीस, नीतीश कुमार, शरद यादव, ममता बनर्जी और नवीन पटनायक जैसे नेताओं का भी उदाहरण दिया, जो अलग-अलग समय पर NDA के साथ रह चुके हैं।
‘जल्द होगा कैबिनेट में फेरबदल’
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार में जल्द ही कैबिनेट फेरबदल हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा तय हो चुका है और अब मंत्रिमंडल में बदलाव की बारी है।
आठवले के मुताबिक, संभावित फेरबदल में भाजपा के साथ-साथ सहयोगी दलों के नेताओं को भी मौका मिल सकता है।
