उत्तराखंड

निकाय चुनाव में BJP ने जारी किया संकल्प पत्र ‘विकास की गारंटी’, जानिए देहरादून नगर निगम के लिए क्या किए वायदे

भाजपा ने नगर निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया है जिसमें 17 संकल्प शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे पेश करते हुए शहर की समस्याओं के समाधान के लिए योजनाओं की घोषणा की। इनमें…

दून को संवारने के लिए भाजपा ने लिए 17 संकल्प

नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपना बहुप्रतिक्षित संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इस संकल्प पत्र में शहर वासियों की समस्याएं हल करने और समाधान के लिए 17 संकल्प किए गए हैं। संकल्प पत्र में सरकार की 16 उपलब्धियां भी गिनाई गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संकल्प पत्र जारी किया। दून नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने जो 17 संकल्प व्यक्त किए हैं। उनके मुताबिक, मेयर प्रत्याशी को विजय मिलने पर नगर निगम आपके द्वार के तहत घर बैठे प्रमाण पत्र, लाइसेंस और निगम की सेवाएं प्रदान की जाएगी। नगर निगम में शामिल नए क्षेत्रों के निवासियों को अतिरिक्त कर से छूट मिलेगी। नागरिक हितैषी कर प्रणाली स्थापित करने के लिए नगर निगम द्वारा लगाए गए सभी करों और शुल्कों की समीक्षा को समिति बनाई जाएगी। दून को यात्री अनुकुल बनाने के लिए विभागों में समन्वय कर एकीकृत विकास प्रणाली, तार एवं गड्डा मुक्त सड़कें, साइकिल ट्रैक, स्मार्ट पोल स्थापित किए जाएंगे। सभी नागरिकों के लिए माई सिटी सुविधा केन्द्र, निगम कनेक्ट ऐप, हरेक वार्ड में जन सुविधा समिति गठित होगी। पर्यावरण मित्र के पदों पर पारदर्शी समयबद्ध भर्ती होगी।

शहर को बनाएंगे साफ और हरा भरा

संकल्प पत्र के मुताबिक, हर घर स्वच्छ मिशन के तहत हर घर से कचरा लेना सुनिश्चित होगा। शहर को डेंगू मुक्त बनाएंगे। देहरादून वेस्ट एक्सचेंज शुरू कर कचरा उत्पादकों को रिसाइक्लिर से जोड़ेंगे, सौर ऊर्जा संचालित स्मार्ट कॉम्पेक्टर स्थापित होंगे। हर वार्ड को ग्रीन वार्ड, प्रत्येक वार्ड में सार्वजनिक वार्ड, ओपन जिम विकसित करेंगे, अम्बेडकर पार्क का सौंदर्यकरण, हरियाली सड़क अभियान, सड़क किनारे वर्टिकल गार्डन और लैंड स्केपिंग की जाएगी। 100 फीसदी कार्बन न्यूट्रल परिवहन सिस्टम के लिए ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर इलेक्ट्रिक बसें बढ़ाई जाएगी। नियो मेट्रो के काम में तेजी, ई-बाइक, ई-साइकिल किराए पर लेने की सेवाएं शुरू होंगी। रियल टाइम पार्किंग गाइडेंस सिस्टम, मल्टी लेवल पार्किंग सुविधा विकसित करने का भी संकल्प लिया गया है।

शहर को बनाएंगे टूरिस्ट हब

संकल्प पत्र में शहर को टूरिस्ट हब बनाने के लिए होमस्टे स्थापित करने पर प्रॉपर्टी टैक्स में छूट, कन्वेंशन सेंटर, प्रदर्शनी स्थल, विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित कर पयर्टन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया है। दून दर्शन टूरिज्म विजन प्लान के तहत हैरिटेज सर्किट, हैरिटेज पट्टिका सिस्टम और टूरिज्म बस सेवा शुरू की जाएगी। आईएसबीटी रोड पर मिनी झील और रिक्रिएशन सेंटर बनाया जाएगा। हर बस स्टॉप में डिजिटल सूचना बोर्ड में बसों के समय, मार्ग, अपडेट, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, वाई फाई सुविधा दी जाएगी।

दूर करेंगे भूमि विवाद

चंद्रबनी वार्ड में भूमि स्वामित्व मुद्दे के समाधान के लिए समिति गठित करने का संकल्प लिया गया है। साथ ही मिशन सर्व आवास के तहत झुग्गियों के पुर्नविकास और नियमितीकरण की बात कही गई है।

भाजपा ने गिनाई उपलब्धि

संकल्प पत्र में दून में यातायात समाधान के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, आईएसबीटी पर फ्लाईओवर, सीसीटीवी कैमरे-एकीकृत कमांड सेंटर, बस शेल्टर, घंटाघर सौंदर्यकरण, पलटन बाजार फसाड़, म्यूरल, वॉल पेंटिंग्स, सिटी पार्क, गांधी पार्क, ओपन एयर जिम, भवन कर में छूट, डोर टू डोर कूड़ा उठान व्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजना, एलईडी लाइट जैसे कार्य शामिल हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में दून को 2023 में राज्य का सबसे साफ शहर घोषित होने को भी उपलब्धि में शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *